मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न

प्रयागराज 08 जुलाई

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह की उपस्थिति में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित संगम सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई तथा सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये गये हैंI

बैठक में जिलाधिकारी ने योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत एवं वितरित ऋण, लंबित प्रकरणों तथा लाभार्थियों को दिए जा रहे प्रशिक्षण की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि पात्र युवाओं के आवेदन का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा अनावश्यक रूप से कोई भी प्रकरण लंबित न रखा जाए।

बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना अन्तर्गत विभिन्न बैंकों में स्वीकृत / वितरण हेतु लम्बित पत्रावलियों की बैंकवार गहन समीक्षा की गयी। जिलाधिकारी द्वारा भारतीय स्टेट बैंक द्वारा योजनान्तर्गत विगत माह में दिये गये मासिक लक्ष्य की पूर्ति न कर पाने के कारण व त्रैमास व्यतीत हो जाने के उपरान्त लक्ष्य के सापेक्ष स्वीकृत / वितरण की संख्या बहुत कम होने के कारण रोष व्यक्त किया गया तथा बैंक के प्रतिनिधि को ऋण वितरण से संबंधित सभी सेल को आगामी बैठक में बुलाने व जुलाई माह में 75 पत्रावलियों पर ऋण वितरण करने हेतु निर्देशित किया गया। एचडीएफसी बैंक, यूनियन बैंक, एक्सिस बैंक, कोटक महिन्द्रा बैंक लि० को भी चेतावनी जारी करते हुए निर्देशित किया कि विगत माह का लक्ष्य की पूर्ति इस माह में पूर्ण करना एवं लम्बित पत्रावलियों का निस्तारण ससमय करना सुनिश्चित करें, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी क्योकि यह योजना माननीय मुख्यमंत्री जी की अति महत्वाकांक्षी योजना है। उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत प्रकरणों में ऋण वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए तथा विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सभी लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए। साथ ही लाभार्थियों को समय-समय पर आवश्यक तकनीकी एवं उद्यमिता संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर भी बल दिया।

बैठक में उपायुक्त उद्योग, सहायक आयुक्त उद्योग, अग्रणी जिला प्रबंधक एवं बैंकों के जिला समन्वयक तथा योजना से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts

Leave a Comment