रायबरेली, 20 जुलाई। सावन मास, कांवड़ यात्रा, गंगा घाटों पर स्नान और शिव मंदिरों में जलाभिषेक को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में डीएम ने कहा कि कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रमुख गंगा घाटों और शिव मंदिरों पर पर्याप्त पुलिस बल, मजिस्ट्रेट, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नगर निकायों को घाटों, मंदिर परिसरों और कांवड़ मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालय और कूड़ेदान की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति और जर्जर तारों को तत्काल ठीक करने के लिए कहा गया।
स्वास्थ्य विभाग को प्रमुख स्थलों पर मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, दवाएं और चिकित्साकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही गंगा घाटों पर गोताखोरों, जल पुलिस और आपदा प्रबंधन टीमों को भी अलर्ट रहने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और उत्साह का पर्व है। डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्र निर्धारित मानकों के अनुरूप ही बजाए जाएं तथा केवल धार्मिक भजन और गीत ही चलाए जाएं। किसी भी समुदाय की भावनाएं आहत करने वाली गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई होगी। माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन चन्द्रा, अपर जिलाधिकारीगण, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राम अवतार सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सावन और कांवड़ यात्रा को लेकर डीएम-एसपी अलर्ट, सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर दिए सख्त निर्देश