माता-पिता व गुरुजनों की सेवा से टल जाती हैं जीवन की विपत्तियां : रुद्रेश्वर महाराज

कानपुर। वीरेश्वर धाम आश्रम के रुद्रेश्वर महाराज ने कहा कि युवाओं को अपने माता-पिता के साथ-साथ गुरुजनों की सेवा अवश्य करनी चाहिए। उनके आशीर्वाद से जीवन की कठिनाइयां दूर होती हैं और व्यक्ति सही मार्ग पर आगे बढ़ता है।40 दिवसीय साधना पूर्ण करने के बाद कानपुर सेंट्रल पहुंचे रुद्रेश्वर महाराज का श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। इसके बाद उनका काफिला नौबस्ता स्थित एक निजी गेस्ट हाउस पहुंचा, जहां आयोजित संगोष्ठी एवं स्वागत समारोह में उन्होंने युवाओं से सनातन धर्म की बागडोर संभालने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि माता-पिता और गुरुजनों की सेवा करने वाला व्यक्ति जीवन में कभी अकेला नहीं पड़ता। उनके आशीर्वाद से आने वाली विपत्तियां भी टल जाती हैं। सावन माह और कांवड़ यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं से नशामुक्त रहकर श्रद्धा, अनुशासन और सदाचार के साथ यात्रा करने की अपील की।कार्यक्रम का संचालन समिति के अध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी आयुष वाजपेई ने किया तथा उपस्थित सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर गेस्ट हाउस संचालक वीरपाल सिंह चौहान ने रुद्रेश्वर महाराज का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से महाराज जी से जुड़े हुए हैं। उनके अनुसार, महाराज जी अत्यंत सरल, प्रेरणादायी और आध्यात्मिक व्यक्तित्व के धनी हैं तथा उनकी कृपा सदैव सभी श्रद्धालुओं पर बनी रहती है।

Related posts

Leave a Comment