किशनपुर थाना क्षेत्र के रारी गांव में बुधवार को एक तालाब में डूबने से कक्षा 4 के छात्र की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, रारी गांव निवासी दिनेश रैदास का पुत्र विवेक प्राथमिक विद्यालय प्रथम में कक्षा 4 का छात्र था। बताया जा रहा है कि विवेक बुधवार को गांव के नए तालाब में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी होने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे तालाब से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मासूम की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पूरे गांव में शोक का माहौल है और हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध है। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। मामले में किशनपुर थानाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
तालाब में डूबने से कक्षा 4 के छात्र की दर्दनाक मौत