रायबरेली-07 अगस्त 2026,
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री सूचना प्रणाली (CMIS) के अंतर्गत विभिन्न विभागों की विकास परियोजनाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति, निर्माण कार्यों की प्रगति, निर्धारित समयसीमा, गुणवत्ता तथा विभागवार उपलब्धियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री सूचना प्रणाली प्रदेश सरकार की प्राथमिकता वाली परियोजनाओं की प्रभावी निगरानी का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि डैशबोर्ड पर प्रदर्शित प्रत्येक परियोजना की प्रगति नियमित रूप से अपडेट की जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब न होने पाए। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं में कार्य अपेक्षाकृत धीमी गति से चल रहा है, उनके लिए कार्ययोजना बनाकर शीघ्र प्रगति सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों से संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करते हुए गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में विभागवार परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने लंबित कार्यों में तेजी लाने, वित्तीय एवं भौतिक प्रगति में सामंजस्य बनाए रखने तथा जनहित से जुड़ी परियोजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक योजना का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचे तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी सुधीर गिरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री सूचना प्रणाली (CMIS) के अंतर्गत विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न