कानपुर। दिव्यांग महागठबंधन ने दिव्यांग बेसिक शिक्षकों के अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की सूची जल्द जारी करने की मांग को लेकर शुक्रवार को बेसिक शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन विधायक सुरेंद्र मैथानी को सौंपा। महासचिव वीरेंद्र कुमार ने कहा कि शासनादेश जारी होने के बावजूद करीब आठ हजार दिव्यांग शिक्षक स्थानांतरण की सूची जारी होने का इंतजार कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि सूची जुलाई में जारी होनी थी, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। इससे दिव्यांग शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द सूची जारी नहीं हुई तो सात सितंबर को लखनऊ में गांधी प्रतिमा, हजरतगंज से लोकभवन और विधानसभा तक शांतिमार्च निकाला जाएगा।ज्ञापन देने वालों में वीरेंद्र कुमार, राहुल कुमार, अल्पना कुमारी, अरविंद सिंह, रंजीत कुमार, जितेंद्र गुप्ता, महेश चंद साहू, अर्जुन कुमार, गोमती वर्मा, कमलेश कुमार, दिलीप कुमार, नंदू, अमित कुमार और जीतू गुप्ता आदि शामिल रहे।
दिव्यांग शिक्षकों के तबादले की मांग, 7 को विधानसभा घेराव की चेतावनी