पेशी से बच रहे दो वारंटियों पर रेल बाजार पुलिस का शिकंजा

कानपुर । शहर में पुराने मुकदमों में अदालत की पेशी से बच रहे दो वारंटियों पर रेल बाजार पुलिस ने शिकंजा कसते हुए मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को उनके घरों से दबोचा। दोनों के खिलाफ अलग-अलग मामलों में न्यायालय से वारंट जारी थे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें शाम 4:15 बजे न्यायालय मे पेशकर विधिक कार्रवाई की है। प्रभारी निरीक्षक अमान सिंह ने बताया कि, रेल बाजार पुलिस ने अपराधियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया। इसी क्रम में पुलिस टीम ने फेथफुलगंज निवासी पोपे (45) को गिरफ्तार किया। वह वर्ष 2013 के एक मुकदमे में वांछित था। उसके खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़ और गाली-गलौज की धाराओं में मुकदमा दर्ज है। वहीं, पुलिस ने नूनिया मोहाल निवासी मनोज कश्यप (40) को भी गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ रेल बाजार थाने में दो पुराने मामले दर्ज हैं। इनमें एक मामला वर्ष 2005 का है, जिसमें बलवा, सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और धमकी समेत अन्य धाराएं लगी हैं। जबकि दूसरा मामला वर्ष 2012 का आर्म्स एक्ट से संबंधित है। दोनों मामलों में न्यायालय से वारंट जारी थे। पुलिस की इस कार्रवाई से पुराने मुकदमों में फरार चल रहे वारंटियों में खलबली मच गई। थाना प्रभारी अमान सिंह ने बताया कि दोनों वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेशकर विधिक कार्रवाई की है।

Related posts

Leave a Comment