20 मिनट में मिली लापता 16 वर्षीय किशोरी, पिता को सौंपा

जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत वेटिंग हॉल से किया बरामद
कानपुर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर यात्रा के दौरान लापता हुई 16 वर्षीय किशोरी को जीआरपी पुलिस ने महज 20 मिनट की तलाश के बाद सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने किशोरी को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया। बेटी के सुरक्षित मिलने पर पिता ने राहत की सांस ली और जीआरपी पुलिस की तत्परता की सराहना की।जानकारी के अनुसार, गाजीपुर जिले के सुहवल थाना क्षेत्र के सोनवल निवासी राजकुमार गुप्ता अपनी बेटी शिवानी (काल्पनिक नाम) के साथ यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान उनकी 16 वर्षीय बेटी अचानक लापता हो गई। काफी तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चला तो पिता ने जीआरपी कानपुर सेंट्रल थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उपनिरीक्षकों मोहित कुमार, जितेंद्र मौर्य, संदीप कुमार तिवारी, अभिषेक शुक्ला, क्यूआरटी टीम और प्लेटफार्म ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को किशोरी की तलाश में लगाया। पुलिस टीम ने स्टेशन के प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया, टिकट घर और यात्री प्रतीक्षालय में खोजबीन शुरू की। करीब 20 मिनट बाद किशोरी वेटिंग हॉल में अकेली मिल गई। पुलिस ने उसे सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर पिता के सुपुर्द कर दिया।बेटी को सकुशल पाकर पिता ने जीआरपी पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया। यह कार्रवाई मिशन शक्ति और ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत की गई।

Related posts

Leave a Comment