नवाबगंज। विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य अभियंता (ग्रामीण) अशोक कुमार ने बुधवार को फाफामऊ उपखंड के अंतर्गत आने वाले कौड़िहार, नवाबगंज तथा फतेहपुर कायस्थान विद्युत उपकेंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न फीडरों एवं ट्रांसफार्मरों की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया तथा उन पर पड़ रहे विद्युत भार (लोड) की भी जांच की।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता ने ट्रांसफार्मरों की क्षमता, लोड की स्थिति, रखरखाव व्यवस्था एवं विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से क्षेत्र में हो रही विद्युत आपूर्ति, ट्रिपिंग की स्थिति, ओवरलोडिंग की संभावनाओं तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
मुख्य अभियंता ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी ट्रांसफार्मरों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा जहां आवश्यकता हो, वहां समय रहते क्षमता वृद्धि एवं अन्य तकनीकी सुधार सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मरों एवं अन्य उपकरणों का समय-समय पर निरीक्षण एवं आवश्यक रखरखाव किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी के कारण उपभोक्ताओं को असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा किसी भी प्रकार की विद्युत बाधा आने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी फाफामऊ जितेन्द्र यादव, अवर अभियंता रवि पटेल, विजय मौर्या, प्रदीप पटेल एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
मुख्य अभियंता (ग्रामीण) ने किया विद्युत उपकेंद्रों का निरीक्षण, ट्रांसफार्मरों का लोड जांचकर दिए आवश्यक निर्देश